शिलाई (सिरमौर)।
उपमंडल शिलाई को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे के कार्य में की गुणवत्ता पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। हालात यह है कि चंद दिन पहले ही सड़क की टारिंग उखड़ गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं। लीपापोथी के लिए इन गड्डों की मरम्मत का भी कार्य किया जा रहा है। उधर, लोनिवि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने मामले को गंभीरता से लिया है। विभाग ने ठेकेदार कंपनी को नोटिस जारी कर सड़क कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले एक वर्ष से एनएच 707 पर सड़क की मरम्मत चल रही है। बोहराड से लेकर फेड्ज पुल तक दूसरे फेस का कार्य प्रगति पर है। लगभग 14 करोड़ रुपये से मात्र 60 किलोमीटर सड़क को पक्का किया जाना है जिसमें कार्य कर रही कंपनी ने एक वर्ष में मात्र 20 किलोमीटर का कार्य पूरा किया है लेकिन कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
हालात यह है कि पहले दिन सड़क को पक्का किया जाता है तो दूसरे दिन मरम्मत की हुई सड़क पर पहले से भी बड़े गड्ढे नजर आ रहे हैं। जगह-जगह से यह टारिंग उखड़ रही है। इससे पहले कंपनी ने सड़क के किनारे से ही पत्थरों व मिट्टी को निकाल कर सड़क पर डाल दिया। उसके बाद उस पर कोलतार डाला गया है। अधिकांश जगह पर तो पिछली बनी सड़क पर ही कोलतार डाला जा रहा है। शिलाई बाजार में हुई टारिंग उखड़ने लगी है।
इलाकावासी सूरत सिंह, ध्यान सिंह, गुलाब सिंह रामभज, सोहन सिंह, रतन सिंह, लायक राम, धनवीर सिंह, मोहन सिंह, वीरेंद्र सिंह, जगत सिंह, सोहन सिंह, मेहर सिंह, दौलत राम, कल्याण सिंह ने बताया की 50 वर्षों के बाद क्षेत्र की सड़क को पक्का किया जा रहा है लेकिन कार्य ठीक ढंग से नहीं होने के कारण सड़क उखड़ने लगी है। उन्होंने कहा कि यदि सड़क निर्माण का यही हाल रहा तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश हो जाएंगे।
उधर, लोनिवि नेशनल हाईवे के अधिशासी अभियंता वीके अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने शिकायत के बाद मौके का निरीक्षण किया है। कंपनी को नोटिस जारी किया गया है। वहीं, आदेश दिए गए हैं कि जहां पर सड़क खराब हुई है वहां पर पुन: उसकी मरम्मत की जाए। उन्होंने कहा कि यदि सही तरीके से कार्य नहीं हुआ तो कंपनी की सिक्योरिटी फीस से सड़क को दुरुस्त किया जाएगा।