पांवटा साहिब (सिरमौर)। माजरा पुलिस थाना के तहत आने वाले हरिपुरखोल में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाहिता ने घर के साथ लगते एक जंगल में पेड़ से फंदा लगाया।
इसके बाद मृतक महिला के मायके वालों ने अपने दामाद पर मारपीट व आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाकर पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया। शिकायत के बाद माजरा पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले की जांच भी तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार पांवटा के राजबन निवासी धर्मपाल सिंह ने पुलिस थाना माजरा में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस को सौंपे शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि उसकी बेटी पूजा (22) की शादी हरिपुरखोल निवासी नरेश कुमार के साथ हुई थी।
विवाह के कुछ समय बाद से आरोपी नरेश कुमार अकसर पूजा से मारपीट करने लगा था। पूजा अकसर अपने पति से परेशान रहती थी। 20 अक्तूबर को भी किसी बात पर नरेश की पूजा से लड़ाई हुई थी और मारपीट भी की गई। इससे तंग आकर पूजा ने जंगल में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
विवाहिता के पिता की तरफ से शिकायत मिलने पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति को माजरा पुलिस जांच टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हरिपुरखोल निवासी आरोपी नरेश कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा-306 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है।