मुन्नाभाई पर शिकंजा, दो दुकानें सील
मरीजों के लिए रखी दवाइयां भी की गई जब्त
‘अमर उजाला’ की खबर छपते ही विभाग सख्त
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
जनपद सिरमौर में कायदे-कानून तोड़कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मुन्नाभाई टाइप के झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कस दिया है। नैनाटिक्कर में बिना लाइसेंस लोगों को दवाइयां बांटने पर दो लोगों पर विभाग ने कार्रवाई की है। दोनों दुकानों को सील कर दिया गया है। जबकि दवाइयां जब्त कर उनके खिलाफ ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दुकानों से भारी मात्रा में दवाइयां-इंजेक्शन और इलाज के लिए प्रयोग होने वाली मशीनरियां भी बरामद हुई हैं।
सिरमौर जिले में बिना लाइसेंस के डॉक्टरी चल रही है। दुकानें खोलकर नीम-हकीम टाइप के मुन्नाभाई न केवल लोगों को आर्थिक तौर पर चूना लगा रहे हैं बल्कि सेहत से भी खिलवाड़ कर रहे हैं। 17 सितंबर के अंक में ‘डॉक्टर बनकर उपचार कर रहे फर्जी केमिस्ट...’शीर्षक से मामला उठाया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है।
मंगलवार को सीएमओ डॉ. संजय शर्मा, ड्रग इंस्पेक्टर रजत ने नैनाटिक्कर इलाके में दबिश दी। वहां पर दो क्लीनिक खोलकर लोगों का उपचार किया जा रहा था। वहां पर उपचार कर रहे कथित चिकित्सकों से जब लाइसेंस और अन्य दस्तावेज मांगे गए तो वह दिखा नहीं पाए। मौके पर भारी मात्रा में दवाइयां, इंजेक्टशन, नाक-कान एवं गला रोग के उपचार के लिए प्रयोग होने वाली मशीनरियां आदि बरामद हुए। सूत्र बताते हैं कि छापेमारी के दौरान ऐसी दवाइयां भी बरामद हुई हैं, जो चिकित्सकों के परामर्श के बिना नहीं दी जा सकती।
विभाग ने दोनों दुकानों को सील करने के साथ दवाइयां भी जब्त की है। कई दवाइयों के सैंपल भी भरे गए हैं। सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले का जल्द चालान पेश किया जाएगा। दोनों के खिलाफ ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के साथ ही क्लीनिकल एस्टीबलिशमेंट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
-----
----------संजय भारद्वाज