नाहन (सिरमौर)। जिले में रविवार 10 मार्च को 0 से पांच वर्ष तक की आयु के 60549 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने बताया कि जिले में पल्स पोलियो अभियान को सुचारु रूप से कार्यान्वित करने के लिए 538 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर चार कर्मचारी तैनात होंगे। इसके अतिरिक्त 11 ट्रांजिट टीमें जिले की सीमा पर लगे बैरियरों, सभी बस अड्डों पर तैनात रहेंगी। ताकि यात्रा के दौरान 0 से 5 वर्ष तक की आयु वर्ग के सभी बच्चों को दवा पिलाई जा सके। जिले के औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को दवा पिलाने के लिए भी चार मोबाइल टीमें गठित की गई हैं ताकि जिले में कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रह जाए। इस अभियान को प्रभावी ढंग से कार्यान्वित करने के लिए 2152 कर्मचारी तैनात किए गए है। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता के अतिरिक्त आयुर्वेद विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा वर्कर्स द्वारा प्रत्येक बूथ पर दवा पिलाई जाएगी। उपायुक्त कहा कि 10 मार्च को सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के दौरान जो बच्चे छूट जाएंगे उन्हें 11 व 12 मार्च को आशा वर्कर्स और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। उपायुक्त ने जिले के सभी लोगों से अपील की है कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी महिला एवं युवक मंडल, स्वयंसेवी संस्थाएं और समस्त अभिभावक अपना सहयोग दें। 10 मार्च को 0 से 5 वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों को निकटतम बूथ पर ले जाकर पोलियो दवा पिलाएं।