अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में अब कम वोल्टेज या बार-बार बत्ती गुल होने की समस्या नहीं रहेगी। जिले में विद्युत अपग्रेडेशन के लिए राज्य सरकार ने महत्वाकांक्षी परियोजना मंजूर की है। दो जनवरी को इसकी प्रशासनिक मंजूरी भी मिल गई है। करीब 19 करोड़ की इस परियोजना के तहत नए ट्रांसफार्मर लगाने, नई विद्युत लाइन बिछाने समेत पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के कार्य होंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में मीडिया से रूबरू होकर यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में सिरमौर जिले में विद्युत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए 28 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें 9. 41 करोड़ रुपये दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना के तहत मोगीनंद, अंधेरी पालियों में सब स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा सरकार ने दो जनवरी को करीब 18.81 करोड़ रुपये की एक अन्य परियोजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत 3.56 करोड़ लागत से 105 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। 4.72 करोड़ की राशि से 168 ट्रांसफार्मरों को अपग्रेड किया जाएगा। योजना के तहत 70 किलोमीटर एचटी, जबकि 52 किलोमीटर एलटी लाइन बिछाई जाएगी। इसके अतिरिक्त सिंगल फेज लाइन को टू-फेज और टू-फेज लाइन को थ्री फेज लाइन में परिवर्तित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एचटी लाइनें बिछाने पर 6.11 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। विद्युत गुणवत्ता में सुधार पर करीब डेढ़ करोड़ खर्च किए जाएंगे। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, भाजपा मंडलाध्यक्ष दीनदयाल वर्मा, ओपी सैनी, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, पार्षद प्रदीप सहोत्रा, ओपी सैणी आदि उपस्थित रहे।
एक माह के भीतर होगा गिरि का ट्रायल
डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन शहर के लिए 52 करोड़ की लागत से निर्मित की जा रही गिरि उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। एक महीने के अंदर इसका ट्रायल भी शुरू कर दिया जाएगा। आईपीएच को अब तक 46 करोड़ की राशि उपलब्ध करवा दी गई है। इसमें 18 करोड़ की राशि प्रदेश सरकार ने इस वित्त वर्ष में दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तैयार होने पर नाहन और आसपास के क्षेत्रों में 50 सालों से पेश आ रही पेयजल समस्या का समाधान हो जाएगा।