पेयजल लाइन की खुदाई से टूटी केबल
मोगीनंद के आसपास लैंडलाइन, मोबाइल सेवा प्रभावित
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून से पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर इन दिनों पेयजल आपूर्ति लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। मंगलवार को पांवटा वैली होटल से वोहरा अस्पताल होकर बाईपास तक सड़क किनारे खुदाई का काम जेसीबी से किया गया। खुदाई के दौरान बीएसएनएल और जीओ कंपनी की भूमिगत लाइनों को क्षति पहुंची। इससे ब्रॉडबैंड और लैंडलाइन के अलावा मोबाइल फोन भी ठप रहे। बीएसएनएल के कनिष्ठ अभियंता देविंद्र सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने आईपीएच से संबंधित ठेकेदार को जेसीबी से खुदाई के दौरान लाइनों को हुई क्षति से अवगत करवाया। दूरसंचार की दोनों ही कंपनियों के कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंच कर लाइन को दुरुस्त करने में जुट गई है। खबर लिखे जाने तक करीब पांच घंटे से बांगरण चौक से लेकर विश्वकर्मा चौक के बीच आसपास के लैंडलाइन और ब्रॉडबैंड कनेक्शन की लाइन ठप थी। इससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतें आई हैं। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता पांवटा एके धीमान ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि संबंधित ठेकेदार को शीघ्र समस्याएं दूर करने को कहा गया है, जिससे किसी भी विभाग की भूमिगत लाइनों को कम से कम क्षति हो। उन्होंने कहा कि पांवटा क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को पानी की पुरानी लाइन से गंदा पानी पहुंच रहा था। उस लाइन को बंद करवा कर नई लाइन बिछाई जा रही है।