ददाहू (सिरमौर)। जनमंच कार्यक्रम में लोगों की मांग पर डॉ. मारकंडा ने बेचड़ का बाग में किसानों की सुविधा के लिए कृषि विभाग का बीज वितरण केंद्र खोलने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने राजगढ़ सब्जी मंडी के नवीनीकरण और सराहां में नई सब्जी मंडी खोलने की घोषणा की। उन्होंने बेचड़ का बाग में कलामंच के निर्माण के लिए दस लाख रुपये और बिरला पंचायत में खेल मैदान के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने बेचड़ का बाग में कोल्ड स्टोर स्थापित करने की संभावनाओं का पता लगाने के लिए विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के हितों को ध्यान में रखकर पावर टिल्लर को खरीदने और पॉलीहाउस स्थापित करने के लिए पूर्व में लगाई गई सभी शर्तों को हटा दिया है। प्रदेश सरकार जैविक खेती को बढ़ावा देेने के लिए इस वित्त वर्ष में 25 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इस योजना के तहत जीरो बजट खेती को प्राथमिकता दी जाएगी। विभिन्न स्कूलों में रिक्त पड़े अध्यापकों के पदों पर मंत्री ने कहा कि रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। शीघ्र ही लगभग 1900 विभिन्न श्रेणियों के पदों को भरा जा रहा है। सरकार ने 300 चिकित्सकों और दो सौ आयुर्वेद चिकित्सकों के पदों को भरने की स्वीकृति दी है। इसके अतिरिक्त एक हजार नर्सों और अन्य पैरा मेडिकल स्टाफ के पदों को भी भरा जाएगा।
कृषि मंत्री ने इस अवसर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत दस कन्याओं और उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया। पांच बीपीएल परिवार की कन्याओं को बेटी है अनमोल कार्यक्रम के तहत दस-दस हजार की बैंक फिक्स डिपोजिट राशि प्रदान की गई।