संगड़ाह (सिरमौर)। संगड़ाह थाना के अंतर्गत माइना घड़ेल में एक व्यक्ति पर दराट से जानलेवा हमला करने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। संगड़ाह पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार माइना घड़ेल निवासी अमरदत्त ने पुुलिस को शिकायत सौंपी है कि उसके गांव के ही मदन नामक एक व्यक्ति ने उस पर दराट से हमला करने की कोशिश की। पुलिस को दी तहरीर में अमरदत्त ने कहा है कि आजकल उसके गांव में स्थानीय पंचायत की ओर से सड़क से लेकर बावड़ी तक रास्ते को पक्का करने का कार्य चल रहा है।
रास्ते का निर्माण उसकी जमीन से हो रहा है। इसको लेकर उसने मौके पर जाकर वार्ड सदस्य से निवेदन किया कि एक ही रास्ता रखा जाए। दो रास्ते न बनाए जाएं। इस पर एक ग्रामीण आग बबूला हो गया और दराट से काटने की धमकी देने लगा। जब वह वापस लौट रहा था तो वह दराट लेकर उसके पीछे दौड़ा और उसे पकड़कर हमला करने की कोशिश की। इस बीच एक महिला ने दराट के वार को रोक दिया। आरोपी के बेटे ने अपने पिता के हाथ से दराट छुड़ाकर फिर से उसपर हमले का प्रयास किया लेकिन रास्ते पर काम में जुटे लोगों ने बीच बचाव कर उसकी जान बचा ली।
उधर, संगड़ाह पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 506, 34 के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
-------------