अमर उजाला ब्यूरो
राजपुर (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोरखुवाला में शनिवार को युवा संसद आयोजित की गई जिसमें विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका अदा की। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह बताने का प्रयास किया गया कि हमारे देश की संसद किस प्रकार से कार्य करती है।
इस कार्यक्रम में विपक्ष की भूमिका निभा रहे विद्यार्थियों ने देश की ज्वलंत समस्याओं को लेकर सत्ता पक्ष के नेताओं को जमकर घेरा। दोनों ओर के पक्षों के बीच काफी तनातनी भी रही जिसके बाद स्पीकर ने हस्तक्षेप करते हुए सदन की कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाया। संसद कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थी प्राची, दिव्या, काजल, सीमा, मनोज, सिमरन, दीपिका, शिखा, दीक्षा ने सवाल-जवाब किए। छात्र मनीष ने प्रधानमंत्री की भूमिका निभाई तथा सरकार के कुशल नेतृत्व एवं कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य विजय कुमार राघव, वोकेशनल अध्यापिका मोनिका वर्मा एवं स्टाफ उपस्थित रहे।