नाहन (सिरमौर)।
जिला प्रशासन ने लोगों से गर्मियों में पानी व्यर्थ न गंवाने की अपील की है। उपायुक्त ललित जैन ने कहा कि सर्दियों के मौसम में कम बारिश होने के कारण जल स्तर घटने से पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है। पेयजल की समस्या से निपटने के लिए सभी लोगों को पानी के बचाव संबंधी सभी उपायों को अपनाना होगा।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि गर्मियों में टूल्लु पंप और पानी के कनेक्शन से सीधी मोटर न लगाएं। उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति का बिना किसी पूर्व सूचना के पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी की टंकियों को ओवर फ्लो न होने दें। यदि किसी व्यक्ति के ध्यान में ऐसा मामला आता है तो तुरंत विभागीय अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने कहा कि बार-बार टंकियों के ओवर फ्लो होने पर संबंधित व्यक्ति का पानी का कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के काट दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पीने के पानी का उपयोग गाड़ी धोने अथवा खेतों में सिंचाई करने के लिए उपयोग नहीं किया जा सकता। उपायुक्त ने कहा कि यदि पेयजल योजना की किसी पाइप अथवा लाइन में पानी का रिसाव हो रहा हो तो ऐसी स्थिति में विभाग को इसकी सूचना दी जाए। उन्होंने कहा कि कपड़े धोते समय पानी को व्यर्थ न बहने दें बल्कि आवश्यकतानुसार पानी का उपयोग करें।