अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू/ संगड़ाह / नौहराधार (सिरमौर)। रेणुका विधानसभा क्षेत्र में लगातार दूसरी बार जीत हासिल करने वाले कांग्रेस विधायक विनय कुमार ने रविवार को मतदाताओं के लिए प्रीति भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर माइनाबाग में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। स्थानीय जनता ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का यहां पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह और जिला के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस मौके पर पहाड़ी नाटी पर जमकर ठुमके लगे।
समारोह में रेणुका में कांग्रेस को बढ़त दिलाने वाले सर्वश्रेष्ठ तीन पोलिंग बूथों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जिसमें धारटीधार क्षेत्र के मैहत को पहला, माइना गढेल को दूसरा तथा मंडोली को तीसरा व भवाई बलीच को चौथा स्थान मिला।
वीरभद्र सिंह ने क्षेत्र की जनता का कांग्रेस के प्रति दिखाए गए विश्वास के लिए धन्यवाद भी किया और रेणुका के पूर्व विधायक स्व. डॉ. प्रेम सिंह को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री, रेणुका के विधायक विनय कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष दलीप चौहान, गंगूराम मुसाफिर, अजय बहादुर सिंह, किरनेश जंग, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सोलंकी, मित्र सिंह तोमर, यशपाल, विजय सिंह पुंडीर सहित अन्य उपस्थित रहे। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रेणुका जी तीर्थ में भगवान परशुराम व रेणुका माता मंदिर में पूजा अर्चना की।