अमर उजाला ब्यूरो
नाहन/कालाअंब।
जगह-जगह बिछाए गए लाल कालीन, पुष्प वर्षा और जिंदाबाद के नारे। आगे-आगे बाइकर और उसके पीछे सरकारी गाड़ियों का अमला....। हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का काफिला जहां-जहां से गुजरा जनता ने फूलों की वर्षा कर डाली। इस बीच विस अध्यक्ष भी गाड़ी से उतरकर पैदल ही जनता के बीच पहुंचे। बड़ों का पांव छूकर आशीर्वाद लिया तो युवाओं को गले लगाया। विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने निर्वाचन क्षेत्र पहुंचे डॉ. राजीव बिंदल का जोरदार इस्तकबाल हुआ।
सुबह तकरीबन 11 बजे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल हिमाचल-हरियाणा की सीमा पर स्थित कालाअंब पहुंचे। यहां पर स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त ललित जैन, एसडीएम कृतिका कुलहारी और एसपी रोहित मालपानी भी वहां पहुंचे थे।
इसके बाद वह मां बालासुंदरी के मंदिर पहुंचे। यहां पर विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा-अर्चना के पश्चात वह नाहन के लिए रवाना हुए। इस दौरान रास्ते में उनका कई जगह पर स्वागत किया गया। सैनवाला, मोगीनंद, ओगली में उनका स्वागत किया गया। इसके बाद नाहन शहर उनका जगह-जगह स्वागत हुआ। उनके स्वागत के लिए जगह-जगह तोरणद्वार सजाए गए थे। बस स्टैंड से गुन्नूघाट और माल रोड होते हुए वह पैदल निकले। इस दौरान वह एक-एक दुकानदार से मिले। यशवंत चौक पर उन्होंने हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार की प्रतिमा को पुष्प अर्पित किए। गुरुद्वारा में माथा टेका और इसके बाद कालीस्थान मंदिर पहुंचकर विधिवत रूप से पूजा-अर्चना की।
---बॉक्स के लिए
क्या बोले विधानसभा अध्यक्ष
इस अवसर पर विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नाहन निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के आशीर्वाद से वह विधानसभा के गरीमामय पद पर आसीन हुए हैं। विधानसभा की स्थापित परंपराओं को बनाए रखने के साथ-साथ सिरमौर एवं प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बालासुंदरी मंदिर में मंदिर न्यास के आयुक्त एवं उपायुक्त सिरमौर से जानकारी हासिल की। उन्होंने मंदिर के विकास कार्य में पारदर्शिता लाने के साथ ही गुणवत्ता बनाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ललित जैन ने उन्हें मंदिर न्यास की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया।
----------------------