साईं प्रेमियों ने धूमधाम से निकाली पालकी शोभा यात्रा
यातायात प्रभावित न हो, इसका आयोजकों ने रखा ध्यान
साईं बाबा के रंग में रंगे नजर आए बच्चे, बूढे़ और जवान
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
श्री सत्य साईं बाबा की 92वीं जयंती के उपलक्ष्य पर नाहन में शोभा यात्रा निकाली गई। श्री सत्य साईं सेवा संगठन नाहन द्वारा निकाली गई इस पालकी शोभा यात्रा में शहर के सैकड़ों साईं प्रेमियों ने भाग लिया। शोभा यात्रा, साईं हॉल से शुरू हुई जो रानीताल, पक्का तालाब, गुन्नुघाट आदि क्षेत्रों से होती हुई वापस साईं हॉल पहुंच कर समाप्त हुई जहां पर साईं प्रेमियों को प्रसाद वितरण किया गया।
शोभा यात्रा के दौरान अच्छी बात यह रही कि सभी साईं प्रेमी एक कतार के रूप में आगे बढ़ते नजर आए, जिस कारण शहर में किसी को भी यातायात असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। जबकि इससे पूर्व अन्य संगठनों द्वारा निकाली गई शोभा यात्राओं के दौरान यातायात पूरी तरह से प्रभावित रहा। जबकि वीरवार को निकली इस शोभा यात्रा में आयोजकों ने इस बात का पूरा ध्यान रखा कि किसी को भी उनकी शोभा यात्रा से असुविधा उत्पन्न न हो। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी कतारबद्ध होकर इस शोभा यात्रा में शामिल रहे।
शोभा यात्रा में कई स्कूलों के बच्चे भी साईं के रंग में रंगे नजर आए। शोभा यात्रा से पूर्व साईं हाल में भजन-कीर्तन भी किया गया जिसमें स्कूली बच्चों, महिलाओं व पुरुषों ने श्रद्धा से भाग लिया और भजन-कीर्तन किया। श्री सत्य साईं सेवा संगठन के अध्यक्ष प्रो. अमर सिंह चौहान ने बताया कि 26 नवंबर को शिलाई की मिल्ला पंचायत के मगनल गांव में जरूरत मंद लोगों को अन्न, कपड़े, पाठ्य एवं लेखन सामग्री सहित भोजन का प्रसाद वितरण किया जाएगा।
--------------
---पंकज तन्हा