शिलाई (सिरमौर)।शिलाई पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति से सात लीटर कच्ची शराब बरामद की। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना शिलाई के अंतर्गत आने वाले रोनहाट मार्ग पर गिरनल के समीप पैदल चल रहे राजेंद्र निवासी गांव मानल से अवैध रुप से ले जाई जा रही 7 लीटर लाहण (कच्ची शराब) बरामद की।
इस कार्रवाई के दौरान एएसआई प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार कमरऊ सोमदत्त के अलावा पुलिस टीम के सदस्य एचएचसी संजय कुमार, आरक्षी किरत राम आदि उपस्थित रहे।
पुलिस के अनुसार राजेंद्र सिंह पीठ पर कट्टा लेकर रोनहाट की तरफ जा रहा था। अचानक पुलिस दल को देख आरोपी घबरा गया। आरोपी राजेंद्र ने पुलिस से बचने के लिए अपने कदम तेज कर दिए। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने कट्टे से पांच लीटर कच्ची शराब के साथ दो लीटर की बोतल में भी शराब बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शिलाई पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपी से शराब को बरामद किया। इस कार्रवाई में पुलिस दल के साथ नायब तहसीलदार भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।