अमर उजाला ब्यूरो
संगड़ाह (सिरमौर)।
उपमंडल संगड़ाह के तहत आने वाली माईना आईटीआई में इस वर्ष इलेक्ट्रिीशियन के दाखिले नहीं करवाए जा सके। यहां जगह कम होने व सिंगल यूनिट होने के कारण हर तीसरे साल ही इस ट्रेड में दाखिले करवाए जाएंगे। इसको लेकर लोगों में भारी रोष है।
भाजयुमो ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा, बलवीर ठाकुर, विनोद शर्मा, धर्म सिंह, संजीव राणा व चमन आदि युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने यहां इलेक्ट्रिीशियन कोर्स शुरू न होने की कड़ी निंदा की है। युवा पदाधिकारियों ने कहा कि आईटीआई के लिए सीपीएस के निजी आवास पर किराए के भवन में चल रही आईटीआई के लिए 39 हजार रुपये मासिक किराए का भुगतान किया जा रहा है। बावजूद इसके इस साल इलेक्ट्रिीशियन कोर्स शुरू नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खुलने वाले विभिन्न स्कूल-कॉलेज व स्वास्थ्य संस्थानों के लिए लोगों, संस्थानों व हरिपुरधार मंदिर कमेटी आदि ने कई सालों तक मुफ्त भवन उपलब्ध करवाए लेकिन आईटीआई के लिए सरकार ने सीपीएस विनय कुमार के भवन को ज्यादा किराए के लिए चुना जो हैरानी का विषय है। आईटीआई माईना के प्रधानाचार्य ने बताया कि माईना आईटीआई में डबल यूनिट न होने व जगह की तंगी के चलते 2 साल चलने वाला इलेक्ट्रिीशियन ट्रेड इस बार शुरू नहीं किजा जा सका। जबकि, पिछला बैच चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस आईटीआई के लिए ग्रामीणों द्वारा जमीन दान की जा चुकी है। आईटीआई का अपना भवन बनने पर यहां डबल यूनिट अथवा इलेक्ट्रिीशियन के दाखिले हर साल शुरू हो सकेंगे।
----माईना आईटीआई में नहीं हुए इलेक्ट्रिीशियन कोर्स के दाखिले
आईटीआई का लाखों रुपये किराया देने के बाद भी सुविधा नहीं