अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा शहर से सटी कुंजा मतरालियों पंचायत के रामपुरघाट गांव में स्वाइन फ्लू की दस्तक से हड़कंप मच गया है। स्वाइन फ्लू का मामला सामने आते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पांव फूल गए हैं। एक व्यक्ति में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं, जबकि करीब आधा दर्जन को बुखार की शिकायत है।
शनिवार को जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्वाइन फ्लू पीड़ित के संपर्क में आए करीब 45 ग्रामीणों और छह स्वास्थ्य कर्मियों को टैमीफ्लू दवाई वितरित की गई। प्रशासन ने गांव में चल रहे सूअर पालन केंद्र को तुरंत बंद करवा दिया है। वहीं पांवटा अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड का भी प्रबंध किया गया है।
रामपुरघाट में एक ग्रामीण स्वाइन फ्लू की चपेट में आया है। जबकि एक व्यक्ति की पहले ही बुखार से मृत्यु हो चुकी है। शनिवार को एडीसी सिरमौर हरबंस नेगी व सीएमओ सिरमौर डॉ. संजय शर्मा समेत पूरी टीम मौके पर पहुंची। पंचायत के सदस्य गुलजार सिंह ने कहा कि गांव के विगत 5 जुलाई को अवतार सिंह(45) पुत्र जसवीर सिंह की बुखार से संदिग्ध रुप से मौत हो गई थी। इसके बाद आधा दर्जन लोगों को बुखार जुखाम की शिकायत है। गांव के जरनेल सिंह पुत्र बलदेव सिंह की हालत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद पांवटा अस्पताल से उपचार को देहरादून इंद्रेश अस्पताल ले गए जहां स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
इसके बाद बीएमओ राजपुर व तहसीलदार पांवटा देर शाम गांव पहुंचे। एडीसी व सीएमओ ने स्थानीय पंचायत प्रधान समेत ग्रामीणों को सफाई अभियान शुरू करने को कहा। मौके पर ही डीएफओ व पशु चिकित्सकों ने पक्षियों के सैंपल लिए।
सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। स्वाइन फ्लू का मरीज देहरादून में उपचाराधीन है। गांव में बुखार से जिस व्यक्ति की मृत्यु हुई थी, उसके परिजनों व स्वाइन प्लू पीड़ित मरीज के परिजनों समेत आसपास के करीब 45 ग्रामीणों और छह स्वास्थ्य कर्मियों को टैमीफ्लू दवा वितरित की गई है। ग्रामीणों को बुखार-जुखाम के लक्षण हो तो तुरंत इलाज करवाएं। ज्यादा से ज्यादा पानी पीने व स्वच्छता का ध्यान रखने को कहा गया है। पांवटा अस्पताल प्रभारी को इस गांव के मरीज पहुंचने पर अलग से उपचार व किसी तरह के लक्षण नजर आने पर तुरंत टेस्ट सैंपल मेडिकल कॉलेज नाहन भेजने को कहा गया है।
--रामपुरघाट में स्वाइन फ्लू से हड़कंप, प्रशासन की टीम पहुंची
--स्वाइन फ्लू पीड़ित के संपर्क में आए 51 लोगों को बांटी दवाइयां
गांव से सुअर पालन केंद्र हटाया, बागीचों से पक्षियों के सैंपल लिए