पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून में आयोजित मास्टर्स नेशनल गेम्स में हिमाचल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अब विजेता खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इटली में दमखम दिखाएंगे। बैडमिंटन, भारतोलन और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश और जिला सिरमौर का नाम रोशन किया है।
मेडल विजेता खिलाड़ियों को एसडीएम पांवटा ने भी सम्मानित किया। देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय मास्टर्स फेडरेशन गेम्स की का आयोजन किया गया। इस दौरान फेडरेशन की तरफ से एथलेटिक्स आर्चरी, बैडमिंटन, बास्केटबाल, फुटबाल, हॉकी, शूटिंग, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबाल, वेटलिफ्टिंग और स्विमिंग गेम्स आयोजित की गई। हिमाचल के अलग-अलग आयु वर्ग से खिलाड़ियों ने भाग लिया। बैडमिंटन वर्ग में पांच खिलाड़ियों की टीम ने भाग लिया। इसमें 55 वर्ष आयु वर्ग में पांवटा के अमर शर्मा ने स्वर्ण पदक और रंजीत बेदी ने रजत पदक जीता।
वहीं, 50 वर्ष आयु वर्ग में रण सिंह चौहान ने स्वर्ण पदक जीता। 45 आयु वर्ग में आदेश बतरा ने कांस्य पदक जीता। बैडमिंटन कर 40 वर्ष आयु की श्रेणी के सिंगल में सुनील तोमर ने गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। जबकि डबल में अखिल शर्मा व सुनील तोमर ने रजत पदक पर कब्जा जमाया।
भारतोलन में हंसराज ध्यानी ने 50 वर्ष आयु वर्ग में गोल्ड मेडल जीता और पांवटा के अधिवक्ता राजेंद्र शर्मा ने हाई जंप में सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। एसडीएम पांवटा ने कहा कि वह खुद भी इंडोर और आउटडोर खेल के शौकीन रहे हैं। वह जीवन में खेलों के महत्व को भली-भांति समझ सकते हैं। उन्होंने इन सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।