फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिना अनुमति हैंडपंप लगाने पर नपेंगे अधिकारी

विज्ञापन
नाहन में शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल - फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में ग्राम पंचायतों की ओर से बिना अनुमति हैंडपंप लगाने के मामले में जांच के आदेश हुए हैं। शुक्रवार को बचत भवन नाहन में जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इसके कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों की ओर से बिना अनुमति के हैंडपंप स्थापित किए गए हैं, उनकी जिला प्रशासन जांच करेगा और दोषी अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नशे को लेकर उठे प्रश्न पर विस अध्यक्ष ने तुरंत उपायुक्त को पुलिस, शिक्षा विभाग और तमाम एसडीएम स्तर की एक कमेटी बनाकर अभियान छेड़ने के आदेश दिए। उपायुक्त ने एक महीने में इस पर अमल करने की बात कही। विस अध्यक्ष ने कहा कि जिन शिक्षण संस्थानों के समीप दुकानों में तंबाकू, गुटका इत्यादि बिक रहा है, ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त सिरमौर बनाने के लिए सभी लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया। उपायुक्त को निर्देश दिए कि नशामुक्त सिरमौर बनाने के लिए एक कार्ययोजना तैयार करके इसे एक जन आंदोलन के रूप में कार्यान्वित किया जाए। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति के सदस्यों की ओर से जनहित में उठाए गए मामलों को गंभीरता से लें और उनका निपटारा समयबद्ध किया जाए। बैठक में बाहरी जिलों से आ रहे पशुओं के चरान पर भी चिंता जताई गई। गैर सरकारी सदस्य रामेश्वर शर्मा के प्रश्न पर उन्होंने शिकायत निवारण समिति की ओर से एक प्रस्ताव पारित कर सरकार को भेजने की बात कही। उन्होंने कहा कि सिरमौर में वैसे जंगल कम पड़ रहे हैं। लिहाजा, दूसरे जिलों के लोगों को इस इलाके में पशु चरान पर रोक लगनी चाहिए। यह मामला सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने वन अरण्यपाल को निर्देश दिए कि सिरमौर जिले में भेड़-बकरियों को चराने के लिए दिए गए परमिटों की जांच की जाए। परमिट से कहीं अधिक भेड़-बकरियां सिरमौर लाई जा रही हैं।
विज्ञापन

एसपी को बुलाया बैठक में
समिति की बैठक में पुलिस विभाग से संबंधित प्रश्न आने पर जब एएसपी जवाब दे रहे थे तो विस अध्यक्ष ने पूछा कि एसपी साहब कहां हैं। एएसपी के जवाब देने पर उन्होंने एसपी को बैठक में बुलाने के लिए कहा। कुछ ही देर के बाद एसपी भी बैठक में उपस्थित हुए। इसके बाद दिल्ली गेट, गोविंदगढ़ मोहल्ला में ट्रैफिक लाइटें लगाकर यातायात सुचारु करने के बारे में चर्चा हुई। विस अध्यक्ष ने उपायुक्त से समन्वय कर इस समस्या के समाधान के आदेश भी दिए।

सड़क और पानी से जुड़े मामले उठे अधिक
बैठक में सड़क और पेयजल से संबंधित ज्यादा मामले उठाए गए। सड़कों की खस्ताहालत, सड़क निर्माण में देरी, सड़कों की मरम्मत सहित पेयजल समस्या के समाधान की गैर सरकारी सदस्यों ने बैठक में मांग उठाई। इस पर अधिकारियों ने समस्या के समाधान का भरोसा भी दिया है।
भूमि आवंटन के मामले निपटाने को कहा
विधानसभा अध्यक्ष ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि आवासहीन लोगों को भूमि आवंटन के लंबित मामलों को शीघ्र एवं प्राथमिकता के आधार पर निपटाए जाए। उन्होंने जिले के उद्योगों में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए श्रम विभाग को आवश्यक निर्देश दिए।
विज्ञापन

बैठक में उपायुक्त ललित जैन, एसपी अजय कृष्ण शर्मा, शिकायत निवारण समिति के सचिव एवं कार्यकारी अतिरिक्त उपायुक्त विवेक शर्मा, पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी, विधायक पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र सुरेश कश्यप, हिमाचल राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, प्रदेश भाजपा महासचिव चंद्रमोहन ठाकुर, बलबीर चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें