अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा क्षेत्र निवासी एक विवाहिता अपनी दस वर्षीय बच्ची सहित लापता हो गई। पति पांच दिन से उसकी तलाश कर रहा है लेकिन, कहीं पर भी उसका पता नहीं चल पाया है। मंगलवार को पुलिस थाना पांवटा में यह मामला पहुंचा लेकिन, घर छोड़ने से पहले पत्नी की थाने में लिखित शिकायत मिली है। इसमें कहा गया है कि पति से अनबन पर वह अपनी मर्जी से जा रही है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
पांवटा क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने थाने में शिकायत दी है कि 24 जनवरी 2019 से पत्नी और दस वर्षीय बेटी गायब है। पति का कहना है कि किसी बात को लेकर दोनों में अनबन हो गई थी। इसके बाद से पत्नी बच्ची को लेकर कहीं गायब है। वह नाबालिग बेटी के साथ अपने मायके जाने की बात कह रही थी। मायके दो दिन बाद फोन किया तो पता चला कि वह मायके गई ही नहीं। पति का आरोप है कि अपने स्तर पर पता करने पर ज्ञात हुआ है कि वह किसी दूसरे व्यक्ति के साथ उत्तर प्रदेश चली गई है। पांवटा पुलिस थाना पहुंचने पर पति को पुलिस ने बताया कि महिला जाने से पहले थाने में लिखित रूप से पत्र देकर गई है। इसमें कहा गया है कि पति के साथ अनबन है। इस वजह से वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर जा रही है। पति को आशंका है कि बीबी अपने साथ नाबालिग बेटी को लेकर गई है। उसने नाबालिग के साथ अनहोनी होने की भी आशंका जताई है। एसएचओ पांवटा अशोक चौहान ने कहा कि विवाहिता ने थाने में लिखित पत्र दिया है। इसमें खुद अपनी मर्जी से जाने और अपने पति से अनबन की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।