नौहराधार (सिरमौर)। जिले के ऊंचे इलाकों में शनिवार को हिमपात हुआ। बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित रहा। बर्फबारी के कारण हरिपुरधार-नाहन सड़क करीब नौ घंटे के लिए बंद रही। सड़क पर बर्फ होने के कारण पर्यटकों के पांच वाहन फिसलकर आपस में टकरा गए। हालांकि, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
शनिवार रात करीब दो बजे के बाद क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हुई। इससे पर्यटकों की ताजा बर्फबारी देखने की मुराद पूरी हो गई। बर्फ देखने के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हरिपुरधार के सभी होटल व गेस्ट हाउस शाम सात बजे से पहले ही पैक हो गए। होटलों में कमरे नहीं मिलने के कारण लगभग 300 से अधिक पर्यटकों ने भंगाइणी मंदिर के समीप पार्किंग स्थल पर गाड़ियों में बैैठकर रात गुजारी। रात को पहुंचे पर्यटकों ने बर्फबारी के बीच जमकर मस्ती की। बर्फबारी की वजह से रविवार सुबह करीब चार बजे से हरिपुरधार-नाहन सड़क पर यातायात पुरी तरह से ठप हो गया। जिला मुख्यालय नाहन से हरिपुरधार के लिए न तो कोई सरकारी बस पहुंची और न ही कोई निजी बस। बड़ियाल्टा व डल्यानु के बीच फिर जाम लग गया है। पर्यटकों की तीन दर्जन से अधिक गाड़ियां बड़ियाल्टा और डल्यानु के बीच फंस गई हैं। सड़क पर फिसलन के कारण पर्यटकों की पांच गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इसके अलावा दो बाइकों की टक्कर हो गई। हालांकि हादसों में किसी को चोटें नहीं आई। क्षेत्र के सैकड़ों लोग जिला मुख्यालय नाहन में रहते हैं। माघी का त्यौहार मनाने के लिए लोग अपने घर आए थे। सुबह जब एक निजी बस से लोग नाहन जा रहे थे तो बस बड़ियाल्टा से वापस आ गई। वहां से आगे रास्ता बंद था। लगभग 300 से अधिक लोग हरिपुरधार में फंस गए। लोग टैक्सी लेकर गेहल पियुलीलानी मार्ग से होते हुए नाहन के लिए रवाना हुए।