जंगलाभूड़ स्कूल में ‘रंगीलो म्हारो ढोलना’ पर धमाल
वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में नवाजे होनहार विद्यार्थी
एसएमसी अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा रहे मुख्य अतिथि
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। राजकीय उच्च पाठशाला जंगलाभूड़ में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम के साथ मनाया गया। इसमें एसएमसी अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि, कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत प्रधान रीता ठाकुर और उपप्रधान प्यारे मोहन ने की। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने जहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए वहीं, मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद स्कूल के मुख्य अध्यापक राजेश कुमार ने वार्षिक प्रतिवेदन पेश किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। बच्चों ने हिंदी, पंजाबी और पहाड़ी गीतों पर जमकर नृत्य किया। विशेषकर रंगीलो म्हारो ढोलना.., पालकी पे सवार होकर चली.., पंजाबी गिद्दा ला चूड़ा.., आदि गीत पर पेश किया गया नृत्य लोगों ने खूब सराहा। इस मौके पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर लघु नाटिका भी पेश की गई। कार्यक्रम के अंत में स्कूल के शिक्षा, खेलों और दूसरी गतिविधियों में अव्वल रहे विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इन बच्चों में प्रणव शर्मा, हर्ष, नंदिता, गीतांजलि, यशु, स्नेहा, शिक्षा शर्मा, पलक, कनुप्रिया, विशाखा, आरती, प्रवेश, दीपिका, कृतिका, दीप्ति, शिखा शर्मा, दीपिका, प्रेरणा, रश्मि तोमर, मंजीता, ऋषि आदि शामिल रहे। इस दौरान स्कूल से निकले पूर्व विद्यार्थियों सदाराम, बंबुल सिंह, हुकम सिंह ठाकुर और बीर सिंह को सम्मानित किया गया।