अमर उजाला ब्यूरा
नाहन (सिरमौर)। नाहन में चल रहे सिरमौर उत्सव-2018 की दूसरी शाम हसीनाओं के नाम रही। मॉडलिंग स्पर्धा के दौरान रैंप पर युवक और युवतियों ने अपनी अदाओं के खूब जलवे बिखेरे। युवतियों की अदाओं पर पूरा पंडाल सीटियों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दूसरी संध्या में सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि स्टेपको के महासचिव वसीम खान विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का आगाज फिल्म डांस से किया गया। भाविका ने तू लौंग वे मैं इलाइची.., गीत पर डांस कर खूब तालियां बटोरीं। राहुल शर्मा के नृत्य को सभी ने सराहा। विदुषी पोखरियाल ने पहाड़ी नाटी पेश कर रंग जमाया। श्वेता ने जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, ऐसा देश है मेरा.., सुनाकर वाहवाही लूटी। कालका से आए मिमिक्री कलाकार सैम सुमित भारद्वाज ने अभिनेताओं की आवाजें निकाल कर लोगों का मनोरंजन किया। इसके बाद मॉडलिंग स्पर्धा आयोजित की गई। इसमें युवक-युवतियों ने अपनी अदाओं से खूब जलवे बिखेरे। एक से बढ़कर एक ड्रेस में सज-धज कर आए युवक-युवतियों ने खूब रंग जमाया। विशेषकर युवतियों के रैंप पर आते ही पूरा चौगान मैदान सीटियों ने गूंज उठा। युवक-युवितयों ने कई राउंड में अपनी प्रस्तुति दी। मॉडलिंग में आकिब, राहुल सैनी, आदिल अजीज, दुर्गा राम, सनोवर खान, उदयवीर गुज्जर, कर्ण तोमर, नवल तोमर, समाक्षी तोमर, सारथी शर्मा, वंशिता विश्रोई, अनिया चौहान और पूजा ने हिस्सा लिया। मिस्टर सिरमौर 2011 राजीव सोढा, केतन बडलान व अधिवक्ता अमित अत्री ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मंच का संचालन रबिश ने बखूबी किया। कार्यक्रम के दौरान वमीम खान, फरजाना सय्यद, राजकुमार, इंद्रप्रीत, शुभम, जुबैर, सरबजीत, रितुल, गीता कैंथ, हैप्पी सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।