वामन देव की शोभायात्रा से शुरू होगा मेला
हिमाचली कलाकारों के नाम होगी वामन द्वादशी मेले की पहली संध्या
पच्छाद के विधायक ने दिए व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। वामन द्वादशी मेेले की पहली सांस्कृतिक संध्या हिमाचली कलाकारों ने नाम रहेगी। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा। पच्छाद के विधायक सुरेश कश्यप ने सोमवार को सराहां में राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले के प्रबंधों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या हिमाचली नाइट के रूप में मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मेले के प्रथम दिन पहली बार मेला मैदान में स्थानीय स्कूली बच्चे कार्यक्रम पेश करेंगे। मेले का शुभारंभ वामन भगवान की पूजा अर्चना और शोभायात्रा से होगा। इसमें वामन देव की पालकी के अतिरिक्त अन्य झांकियों को भी शामिल किया जाएगा। शोभायात्रा का नेतृत्व मेले के मुख्य अतिथि करेंगे। सुरेश कश्यप ने कहा कि मेले में प्लाट आवंटन के लिए निशानदेही का कार्य समय पर किया जाए। स्थान की प्रमुखता को देखते हुए प्लॉट की दरें निर्धारित की जाएं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में प्लॉट की सबलेटिंग न हो। मेले पर व्यय होने वाली राशि का पूर्ण लेखा-जोखा रखा जाए। सभी पेमेंट क्रॉस चेक के माध्यम से की जाए। उन्होंने कहा कि मेले में पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाए। मेले के दौरान सराहां बाजार का सौंदर्यीकरण किया जाए। उन्होंने भगवान वामन के नौका विहार के लिए नई नाव खरीदने के भी निर्देश दिए। मेला कमेटी को निर्देश दिए कि मेले की स्मारिका प्रकाशित की जाए और बाहर से आने वाले विज्ञापन को इसमें शामिल किया जाए। विधायक ने मेले के दौरान सराहां बाजार में सफाई व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेेले में लोगों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें लगाई जाएं। इस अवसर पर एसडीएम राजगढ़ नरेश वर्मा, तहसीलदार सराहां गुरमीत नेगी, जिप सदस्य दयाल प्यारी, प्रधान पंचायत नरेंद्र गोसाई, उपप्रधान सुशील कुमार, प्रधान बागपशोग प्रकाश भाटिया, हरिमोहन, प्रधान व्यापार मंडल सुशील गर्ग आदि उपस्थित रहे।