नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर विद्यालय प्रवक्ता संघ ने शिक्षा विभाग से प्रधानाचार्यों की नियमित नियुक्तियां करने की मांग की है। इस मसले को लेकर संघ के पदाधिकारियों की बैठक शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, शिक्षा सचिव एवं शिक्षा निदेशक उच्च तथा प्रारंभिक के साथ शिमला में हुई। संयुक्त बैठक में जिला अध्यक्ष सुरेेंद्र पुंडीर, जिला महासचिव आईडी राही, राज्य सलाहकार सतीश शर्मा, राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र नेगी, मुख्य संरक्षक रमेश चौधरी, संरक्षक रमेश नेगी, संजय शर्मा, बाबू राम शर्मा, राजेश गौतम, राम गोपाल शर्मा, एमआर वर्मा आदि ने कहा कि शिक्षा सचिव ने 31 जुलाई तक सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद प्रधानाचार्यों की नियमित नियुक्ति का आश्वासन दिया था। एक माह बाद भी इस पर कार्यवाही नहीं हुई है। बैठक में बिना शर्त प्रवक्ता पदनाम बहाल करने, कैडर की संख्या के आधार पर पदोन्नति करने, शिक्षक प्रोत्साहन योजना लागू करने, बिना बीएड वाणिज्य प्रवक्ताओं को एकमुश्त छूट देकर नियमित करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। संघ ने इस बात को लेकर रोष जताया कि इस संदर्भ में अभी तक कोई प्रगति नहीं हुई है। जिला प्रधान सुरेंद्र पुंडीर ने बताया कि बैठक में शिक्षा उपनिदेशकों और प्रधानाचार्यों के पदों को भरे जाने के आदेशों के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया गया।