अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
हिमाचल के गिरिपार की बेटियां उत्तराखंड में सिरमौर बन कर लौटीं हैं। उत्तराखंड राज्य के जोनसार बाबर के नागथात में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में गिरिपार की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर चुकी पुष्पा राणा ने खूब दम दिखाया। सिरमौर ने दबदबा जमाते हुए विजेता व उप विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। लगातार पांचवीं बार सिरमौर टीम के विजेता रहने पर कोच जीएस नेगी को विशेष रुप से सम्मानित किया गया।
इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड व हिमाचल की महिला वर्ग की टीमों ने दमखम दिखाया। शानदार खेल दिखाते हुए सिरमौर की दोनों ही टीमें फाइनल में पहुंच गईं। फाइनल में सिरमौर डायमंड-बी ने सिरमौर डायमंड-ए टीम को 27-12 से हरा दिया।
विजेता रही सिरमौर डायमंड-बी टीम को 21000 व ट्रॉफी से नवाजा गया। जबकि उप विजेता रही सिरमौर की डायमंड-ए टीम को 15000 रुपये की राशि बतौर पुरस्कार दी गई। सिरमौर के कबड्डी कोच जीएस नेगी को लगातार 5वीं बार चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सिरमौर कबड्डी टीम के कोच जीएस नेगी व मैनेजर ओम प्रकाश तोमर ने कहा कि विजेता व उप विजेता ट्रॉफी पर सिरमौर टीमों का ही कब्जा हुआ जिससे दोनों ही टीमों की खिलाड़ी काफी उत्साहित हैं।