अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
सिविल अस्पताल ददाहू में व्याप्त खामियों व स्टाफ की कमी को लेकर जनवादी महिला समिति की जिला इकाई ने बुधवार को ददाहू अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुस्साई महिलाओं ने अस्पताल के बाहर नारेबाजी करने के बाद ददाहू में रैली भी निकाली जो विभिन्न मार्गों से होती हुई तहसीलदार ददाहू के कार्यालय में पहुंच कर समाप्त हुई।
यहां महिलाओं ने अस्पताल की बदहाल दशा सुधारने की मांग को लेकर तहसीलदार ददाहू के माध्यम से एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को भी भेजा जिसमें अस्पताल में नर्सों व डॉक्टरों की अविलंब तैनाती करने, अल्ट्रासाउंड, तकनीशियन व रेडियोलॉजिस्ट, शिशु व महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती करने की मांग की गई।
जबकि इससे पूर्व धरना प्रदर्शन के दौरान महिलाओं को संबोधित करते हुए राज्याध्यक्ष संतोष कपूर व जिला अध्यक्षा सीता तोमर ने कहा कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था न होने के कारण महिलाओं विशेषकर गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी हो रही है। यहां रोगियों को बेहतर उपचार नहीं मिल रहा है। न तो यहां महिला रोग विशेषज्ञ है और न ही शिशु रोग विशेषज्ञ जिसके चलते लोग बेहतर इलाज के लिए तरस रहे हैं।
महिला पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर अस्पताल की अव्यवस्था को सुधारा नहीं गया तो वह चक्का जाम करेंगी जिसकी जिम्मेवारी जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार की होगी।
इस मौके पर समिति की राज्य अध्यक्ष संतोष कपूर, जिलाध्यक्ष सीता तोमर, कुब्जा देवी, शीतल, रेणु बाला, शांता देवी व कांता देवी सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।