स्वरोजगार के लिए 988 अल्पसंख्यकों को बांटे 18 करोड़ के ऋण: नेगी
प्रधानमंत्री नया 15-सूत्रीय कार्यक्रम की बैठक में बोले अतिरिक्त उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
प्रदेश अल्पसंख्यक विकास एवं वित्त निगम के माध्यम से जिला सिरमौर में अब तक 988 अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को 18 करोड़ के ऋण 6 प्रतिशत न्यूनतम ब्याज दर पर उपलब्ध करवाए गए हैं। जबकि, चालू वित्त वर्ष के दौरान 27 अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को अपना स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 92 लाख रुपये के ऋण सस्ती ब्याज दरों पर उपलब्ध करवाए गए।
अल्पसंख्यक वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए कार्यान्वित की जा रही प्रधानमंत्री नया 15-सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी एडीसी आदित्य नेगी ने दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा अल्पसंख्यक घनी आबादी वाले गांव में 53 आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 38 पांवटा साहिब और 15 नाहन विकास खंड में कार्यरत हैं। इनमें 0 से 6 वर्ष की आयु वर्ग के 2402 बच्चों को संतुलित आहार के अतिरिक्त पूर्व स्कूल शिक्षा व समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिला में रिक्त पड़े उर्दू अध्यापकों के पदों को भरने के लिए मामला सरकार के साथ उठाया गया है और इन पदों को भी शीघ्र भरा जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जिला में दो मदरसे नाहन और मिश्रवाला में चल रहे हैं, जहां बच्चों को औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ अरबी शिक्षा भी प्रदान की जा रही है। इसके अतिरिक्त इन मदरसों में शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों को निशुल्क किताबें और मिड-डे-मील योजना भी कार्यान्वित की गई है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चों को स्कूलों में दी जा रही छात्रवृत्तियाें को पाठशाला के बोर्ड पर डिस्पले किया जाए। इसके अतिरिक्त स्कूलों में होने वाली प्रात:कालीन सभा में बच्चों को छात्रवृत्तियों के बारे में जानकारी दी जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अल्पसंख्यक वर्ग के 27 परिवारों को मकान बनाने के लिए अनुदान राशि प्रदान की गई। स्वर्ण जयंती शहरी आजीविका योजना के तहत नाहन शहर में 663 स्वयं सहायता समूहों को अपना स्वरोजगार आरंभ करने के लिए सवा दो लाख का उपदान दिया गया।
इस मौके पर डीएसपी बबीता राणा, जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा, उप निदेशक उच्च शिक्षा सुधाकर शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी ईरा तनवर, कार्यकारी अधिकारी एसएस नेगी व गैर सरकारी सदस्य नसीम मोहम्मद दीदान आदि उपस्थित रहे।
-----------हितेश