बैसाखी मेले में पहाड़ी कलाकारों को मिलेगी तरजीह
शिरगुल देवता बैसाखी मेले के आयोजन पर हुआ मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)।
जिला स्तरीय शिरगुल देवता बैसाखी मेला राजगढ़ के आयोजन की तैयारियों को लेकर एक बैठक एसडीएम कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम राजगढ़ नरेश कुमार वर्मा ने की।
इस मौके पर एसडीएम ने इस वर्ष मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पाश्चात्य सभ्यता के स्थान पर स्थानीय पहाड़ी कलाकारों को ज्यादा तरजीह देने की बात कही। उन्होंने मेले के खर्च के लिए आर्थिक स्त्रोत जुटाने, सांस्कृतिक गतिविधि को व्यवस्थित ढंग से चलाने व स्थानीय तौर पर चंदा इकट्ठा करने के बारे में भी जानकारी हासिल की।
समाजसेवी सतीश ठाकुर ने सुझाव दिया कि मेले के शुभारंभ में देवता की झांकी अच्छे व प्रभावी ढंग से निकाले जाने का सुझाव दिया। भारतीय जनता पार्टी के पच्छाद प्रवक्ता नवीन शर्मा ने सुझाव दिया कि इस मेले के संबंध में कुछ भी गतिविधि करने से पहले शिरगुल देवता के गुर के माध्यम से इस मेले के आयोजन हेतु इजाजत देवता से लेने की भी प्रक्रिया है।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को भी प्राथमिकता के आधार पर लिया जाना चाहिए। बैठक में व्यापार मंडल राजगढ़ के सचिव राकेश मैनी, किसान मोर्चा के प्रवक्ता सुनील शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता नरेंद्र ठाकुर, भाजपा महामंत्री पच्छाद राजपाल ठाकुर, स्थानीय व्यापार मंडल से गोपाल कृष्ण, संजीव ठाकुर सहित काफी सदस्य उपस्थित थे।
----------