अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
‘मेरा हिमाचल, स्वच्छ हिमाचल...’अभियान का सिरमौर में आगाज हो गया है। सोमवार को स्वच्छता पर आधारित इस अभियान का आगाज विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किया। पहले दिन नाहन शहर के गोविंदगढ़ मोहल्ला से जागरूकता रैली निकाली गई जिसमें स्कूली विद्यार्थियों ने लोगों को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया।
जबकि विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, उपायुक्त ललित जैन ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। खास यह रहा कि इस बार सफाई अभियान सिर्फ फोटो सेशन तक सीमित नहीं रहा। दोपहर तक विस अध्यक्ष और उपायुक्त ने इलाके में सफाई की। उन्हें कूड़े के टोकरे उठाते हुए देखा गया।
इससे पहले विस अध्यक्ष ने गोविंदगढ़ से एक जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर शहर के विभिन्न वार्डों के लिए रवाना किया। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने नारों की गूंज के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। डॉ. बिंदल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वतंत्रता से अधिक महत्वपूर्ण स्वच्छता.. शब्दों को साकार करने के लिए समाज के हर व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने नगर परिषद को निर्देश दिए कि गोविंदगढ़ मोहल्ला के साथ लगते गंदे पानी के नाला, जिसमें लोग प्राय: कूड़ा कचरा डालते हैं का प्राक्कलन तैयार करके इसके पानी की निकासी की उचित व्यवस्था की जाए। नाला के ऊपर वाले भाग पर लेंटर डाल कर इसे पार्क के रूप में विकसित किया जाए ताकि इस मोहल्ला के बच्चों को खेलने इत्यादि की सुविधा मिल सके। उन्होंने नगर परिषद को निर्देश दिए की शहर के सभी वार्डों की सफाई के लिए क्रमवार व्यवस्था की जाए।
उपायुक्त ललित जैन ने जिला के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यालय के साथ लगते एक सौ मीटर की दूरी तक पूर्ण सफाई करवाना सुनिश्चित किया जाए ताकि जिला के सभी कार्यालय स्वच्छ एवं गंदगी रहित बन सके। इसके अतिरिक्त जिला के लोगों को भी स्वच्छता के बारे में जागरूक करने के लिए स्वयं सेवी संस्थाओं, महिला एवं युवक मंडलों ग्राम पंचायतों को दायित्व सौंपा गया है।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त आदित्य नेगी, एसडीएम विवेक शर्मा, उपाध्यक्ष नगर परिषद अविनाश गुप्ता, पार्षद रेखा तोमर, विशाल तोमर, राकेश गर्ग, गुरु रविदास सभा के अध्यक्ष अमर सिंह तथा गोविंदगढ़ मोहल्ला के सिख समुदाय के लोगों और शहर के गणमान्य लोगों द्वारा स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।