अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
जिला सिरमौर में बच्चों को खसरा व रूबेला बीमारियों से बचाव के लिए अगस्त माह में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिला के लगभग एक लाख 62 हजार बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सिरमौर द्वारा खसरा-रूबेला अभियान को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त सिरमौर बीसी बडालिया ने कहा कि 2020 तक इस बीमारी को पूर्ण रूप से समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खसरा-रूबेला अभियान एक विशेष अभियान है जिसका उद्देश्य सीमित समय में सभी बच्चों का टीकाकरण करना है। इस अभियान में 9 माह से 15 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा, चाहे उनको पहले भी टिका लगाया गया हो।
उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों का टीकाकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, जिनमें डायरिया तथा निमोनिया होने की संभावना अधिक रहती है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बुखार या अन्य बीमारी से ग्रस्त अस्पताल में भर्ती अथवा पहले जिन बच्चों को खसरा-रूबेला के टीके से अलर्जिक प्रतिक्रिया हुई हो उन बच्चों का टीकाकरण नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को टीकाकरण के लाभ से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी। अभियान के दौरान नियमित स्थानों पर ही बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण शैक्षणिक संस्थानों, गांव व शहरी क्षेत्रों में चयनित किए गए स्थानों, अस्पताल तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों पर ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल टीम द्वारा ही टीकाकरण किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग एवं प्रबंध निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान पंकज राय ने कहा कि अभियान आरंभ होने से पहले सभी प्रबंध पूरे कर लिए जाएं ताकि अभियान के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय शर्मा ने अभियान से संबंधित जानकारी प्रदान की। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त हरबंस नेगी, एसडीएम नाहन कृतिका कुल्हारी, एसडीएम संगड़ाह रजनेश कुमार, राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनादि गुप्ता, डॉ. गोपाल बैरी, विश्व स्वास्थ्य संगठन से दिवेेंद्र तोमर, डॉ. निसार अहमद सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
--सिरमौर में 1.62 लाख बच्चों का किया जाएगा टीकाकरण : उपायुक्त
खसरा और रूबेला से बचाव के लिए अगस्त में चलाया जाएगा विशेष अभियान