अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। विकास खंड पांवटा के तहत आने वाली नाहन निर्वाचन क्षेत्र की नौ पंचायतों में सड़कों के सुधार और पक्का करने पर 15 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को विकास खंड कार्यालय के सभागार में नाहन निर्वाचन क्षेत्र की नौ पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबोधित कर रहे थे। डॉ. बिंदल ने कहा कि आईपीएच कॉलोनी माजरा, सैनवाला, टोकियो, खैरी और गुंगलो सड़क के सुधार और पक्का करने के लिए साढ़े 19 करोड़ की डीपीआर तैयार कर सरकार को भेजी गई है। पड़दूनी पंचायत के जामनवाला से खादर वाया रिहाला बस्ती सड़क के सुधार के लिए 3 करोड़ 64 लाख की डीपीआर भी तैयार कर स्वीकृति के लिए सरकार को भेजी है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि माजरा, मिश्रवाला, पड़दूनी, सैनवाला और कोलर उठाऊ पेयजल योजना के लिए दो करोड़ की राशि सरकार ने स्वीकृत की है। योजना के निर्मित होने से इस क्षेत्र में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। उठाऊ पेयजल योजना रामपुर माजरी, रामपुर बंजारन, मोहराड़, खैरी गुंगलो के पुनर्निमाण के लिए साढ़े तीन करोड़ की डीपीआर तैयार कर ली गई है। डॉ. बिंदल ने बताया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 33 करोड़ की गिरि लेफ्ट बैंक सिंचाई परियोजना की डीपीआर तैयार कर भारत सरकार को स्वीकृति के लिए भेजी गई है। इससे क्षेत्र की 1627 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। क्यारदा पंचायत की पेयजल योजना के सुधार के लिए अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत 30 लाख की राशि स्वीकृत कर दी गई है। माजरा क्षेत्र में चार नलकूप स्थापित किए जाएंगे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन कोलर का निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ कर दिया जाएगा। बिंदल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। इस अवसर पर एसई आईपीएच जोगिंद्र चौहान, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी अजय शर्मा, एक्सईएन विद्युत बोर्ड दर्शन सिंह, खंड विकास अधिकारी गौरव धीमान के अलावा पंचायत प्रतिनिधि कमलकांत, बिजेश गोयल, अमर सिंह, रीता देवी, अच्छर भारती, कमलेश देवी, मलकीयत सिंह, फरीज खान, मंजूर अली, वली मोहम्मद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।