कालाअंब में करंट से झुलसा विद्युत कर्मी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में एक बिजली कर्मी करंट लगने से बुरी तरह से झुलस गया। विद्युत कर्मी को अचेत अवस्था में डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन लाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। जानकारी अनुसार विद्युत बोर्ड कालाअंब में बतौर टीमेट कार्यरत नरेश कुमार पुत्र इंद्र सिंह, निवासी कटोला (नाहन) त्रिलोकपुर संपर्क सड़क पर सोमवार को विद्युत लाइन ठीक कर रहा था। इसी दौरान उसको अचानक करंट लगा, जिससे वह अचेत हो गया। उसे इसी अवस्था में मेडिकल कॉलेज नाहन लाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि टीमेट नरेश कुमार की छाती झुलस गई है। उधर, थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि विद्युत कर्मचारी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। कार्रवाई की जा रही है।