अमन और शांति के दुश्मन करते हैं बांटने का काम : दीदान
मानपुर देवड़ा और भगानी में हुईं मुस्लिम सोसायटी की बैठकें
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के प्रदेश अध्यक्ष नसीम दीदान ने कहा कि धर्म के नाम पर देशवासियों को आपस में बांटने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सांप्रदायिक घृणा फैला कर देशवासियों के आपसी भाईचारे को नहीं तोड़ा जा सकता। धर्म और जात-पात के नाम घृणा फैलाना एक तरह आग से खेलने से कम नहीं होगा। दीदान पांवटा के गांव भगानी और मानपुर देवड़ा में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान दीदान ने कहा कि देश और प्रदेश की एकता एवं अखंडता दुनिया में एक मिसाल रही है। कुछ अमन के दुश्मन जानबूझ कर आपस में दरारें डालने का काम करते हैं। भारत की गौरवशाली सभ्यता को कमजोर करने का एक सुनियोजित षड्यंत्र रचा जाता रहा है। दीदान ने कहा कि भारत सरकार विकास की आड़ में अपना हिंदुत्व कार्ड न खेले। हिंदू और मुसलमान को किसी न किसी भी तरह के मुद्दे पर बांटा न जाए। दीदान ने कहा कि मुस्लिम समुदाय की सामाजिक और राजनीतिक हालत दयनीय है। इस पर केंद्र और राज्य सरकार को विचार करना चाहिए लेकिन, खुशहाली लाने के लिए मुस्लिम समुदाय को अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षित और जागरूक करना होगा। इस अवसर पर साजिद अली, गुलशेर अहमद, सादिक अली, शाहिदा बेगम, अब्दुल सत्तार और मोहम्मद इमरान मौजूद रहे।