अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। चुनाव आचार संहिता से जुड़ी शिकायतों को दर्ज करवाने के लिए उपायुक्त कार्यालय में विशेष प्रकोष्ठ स्थापित किया गया है। जिला योजना अधिकारी अनुज शर्मा को प्रकोष्ठ का नोडल अधिकारी बनाया गया है। लोगों की सुविधा के लिए इस प्रकोष्ठ में तीन दूरभाष नंबर स्थापित किए गए हैं। कोई भी इन नंबरों पर संपर्क कर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज करा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने बताया कि प्रकोष्ठ में 01702-222206, 222207 और 223208 फोन नंबर स्थापित कर दिए गए हैं। इसके अलावा शिकायत को फैक्स नंबर 01702-224400 अथवा ईमेल पर भी भेज सकते हैं। डीसी ने बताया कि सिरमौर जिले में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में कार्य सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि जिले में चुनाव आदर्श आचार संहिता की अनुपालना की जा रही है। उपायुक्त ने सभी दलों के राजनीतिज्ञों को चुनाव आदर्श आचार संहिता की कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।