गिरिनगर में कुत्तों ने मार गिराया सांभर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। वन परिक्षेत्र गिरिनगर के अंतर्गत जंगल से भटक कर एक बारहसिंगा-सांभर डोईयावाला ग्राम के रिहायशी क्षेत्र में आ पहुंचा। लेकिन, गांव के कुत्तों ने उस पर हमला बोल दिया। ग्रामीणों का कहना है कि कुत्तों से जान बचाते हुए वह काफी दूर तक भागता रहा। लेकिन, सांभर अचानक जमीन पर जा गिरा और उसने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग के आरओ गिरिनगर रोशनलाल और स्थानीय कर्मियों को दे दी। उधर, वन विभाग के डीएफओ पांवटा कुनाल ने पुष्टि की है। आरओ गिरिनगर रोशन लाल की टीम स्थानीय ग्रामीणों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। मौके पर एक सांभर को मृत पाया गया। वन विभाग की टीम ने मृत सांभर कब्जे में ले लिया है। बुधवार को मृत सांभर का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।