पांवटा साहिब (सिरमौर)। उत्तराखंड-हिमाचल सीमा में इछाड़ी डैम के समीप 26 वर्षीय युवक का शव मिला है। आठ सितंबर को पहाड़ी से बाइक सवार को पत्थर लगा था, जिसके बाद बाइक सवार युवक टोंस नदी में गिर गया था। मृतक की तलाश की जा रही थी। युवक का शव बह कर हिमाचल सीमा की तरफ पहुंच गया। राजबन पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले लिया। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आठ सितंबर को हादसा हुआ था। उत्तराखंड के तिवनी निवासी मनीष राजगुरु (26) पुत्र पूर्णनाथ राजगुरु बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इस बीच पहाड़ी से एक पत्थर गिर कर बाइक को लगा, जिससे बाइक सवार उफनती टोंस नदी में जा गिरा। काफी तलाशने के बावजूद युवक नहीं मिल सका। युवक का शव बह कर हिमाचल सीमा के इछाड़ी डैम की तरफ आ गया। सूचना मिलने पर हिमाचल के राजबन पुलिस चौकी टीम ने शव को कब्जे ले लिया। कार्यकारी चौकी प्रभारी ओम प्रकाश ने कहा कि बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि इस मामले की जांच उत्तराखंड पुलिस कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
करंट लगने से विद्युत कर्मी घायल
पांवटा साहिब (सिरमौर)। कमरऊ पंचायत में बिजली बोर्ड के कर्मी को करंट लगा। गंभीर रूप से घायल कर्मी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। बिजली बोर्ड के कर्मी रामभज (50) पुत्र चानन सिंह एक ट्रांसफार्मर लाइन में कार्य कर रहा था। इस बीच करंट की चपेट में आ गया। घायल अवस्था में कर्मी को सिविल अस्पताल में लाया गया। सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कमाल पाशा ने कहा कि करंट की चपेट में आने से बिजली बोर्ड का कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसका उपचार चल रहा है।