नाहन में आईपीएच विभाग द्वारा अवैध कनेक्शन की काटी गई पाइप लाइन।
- फोटो : अमर उजाला
नाहन (सिरमौर)। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को शहर में बड़ी कार्रवाई की। काफी समय से मुख्य पेयजल लाइन से जोड़े गए तीन अवैध कनेक्शनों को काट दिया है। विभाग ने शहर के विभिन्न हिस्सों में यह कार्रवाई अमल में लाई। इनमें कुछ कनेक्शन ऐसे थे जिन्हें रसूखदारों ने काफी समय से अवैध ढंग जोड़ा था। विभाग को मिली शिकायत के बाद बुधवार को कनिष्ठ अभियंता प्रदीप कुमार की टीम ने विला राउंड, एचआरटीसी वर्कशाप के समीप और उपरली टोली के लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप पानी के कनेक्शन स्थायी तौर पर काट दिए। विभाग की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। बताया जा रहा है कि विला राउंड में काफी समय पहले पानी का कनेक्शन काटा गया था। इसके बाद भी रबड़ के पाइप जोड़कर पानी इस्तेमाल में लाया जा रहा था। वहीं, एचआरटीसी वर्कशाप के समीप भी पानी का अवैध कनेक्शन काटा गया है। इसके अलावा नगर परिषद की शिकायत पर आईपीएच विभाग ने लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप कनेक्शन काट दिया। उधर, जेई प्रदीप कुमार ने बताया कि विभाग को मिली शिकायतों के बाद कार्रवाई की गई है। अभी तीन कनेक्शन को स्थायी तौर पर काटा गया है। शहर के अलग अलग हिस्सों में विभाग ने कनेक्शन काटे हैं।