नाहन में शव गृह के बाहर पोस्टमार्टम के इंतजार में बैठा मृतक का परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
नाहन (सिरमौर)। अव्यवस्था...। इस शब्द से मेडिकल कॉलेज का गहरा नाता है। इसी शब्द को लेकर मेडिकल कॉलेज नाहन अक्सर चर्चाओं में रहता है। एक बार फिर मेडिकल कॉलेज नाहन की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है। पीड़ित परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए 26 घंटे का लंबा इंतजार करना पड़ा। इस बीच परिजन शव गृह के बाहर भूखे प्यास बैठे रहे। घर में भी चूल्हा नहीं जल पाया। बुधवार को दोपहर बाद चिकित्सक के पहुंचने पर करीब डेढ़ बजे पोस्टमार्टम शुरू हो सका। इससे परिजनों में मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं के खिलाफ भारी आक्रोश दिखा। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट का इंतजार किया जा रहा था। हत्या के शिकार हुए 76 वर्षीय बुजुर्ग का शव मंगलवार को 12 बजे के करीब पोस्टर्माटम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन में पहुंचाया गया था। मृतक किशन सिंह के बेटे धनवीर सिंह, मान सिंह, विशाल, लक्ष्मी सिंह समेत अन्य परिजनों ने बताया कि पोस्टमार्टम में इतनी अधिक लेटलतीफी से उन्हें भारी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। रात को भारी बारिश के बीच भीगकर भी भूखे प्यासे चिकित्सक के आने का इंतजार कर रहे थे। ऐसे मामलों में साथ साथ पोस्टमार्टम का प्रावधान होने के बाद भी मेडिकल कॉलेज की लापरवाही से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। उधर, मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके पराशर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम फोरेंसिक एक्सपर्ट की ओर से किया जाना था। लेकिन, कोर्ट एवीडेंस के कारण वह समय पर नहीं पहुंच पाए। दो बजे के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
बहू ने कर दी थी ससुर की हत्या
बनेठी गांव में सोमवार को देर शाम बहू ने ही अपने ससुर की लाठी से पीटकर हत्या कर दी थी। परिजन पहले ही दोहरे जख्म की मार झेल रहे हैं। इस पर मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं ने परिजनों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया। मंगलवार को दोपहर से पहले शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए पहुंचा दिया था। हैरानी की बात है कि मंगलवार को पोस्टमार्टम ही नहीं हो पाया। बुधवार को दोपहर बाद ही चिकित्सक पहुंचे। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन शव को लेकर रवाना हुए।