अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के वार्ड- 4 निवासी सोमनाथ शर्मा, राजेंद्र सिंह व अश्वनी कुमार ने नई बनाई गई कॉलोनी में टीसीपी नियमों का उल्लंघन करने के आरोप लगाए हैं। इसे लेकर उन्होंने नगर परिषद पांवटा के कार्यकारी अधिकारी को शिकायत भी सौंपी है। शिकायत में शिकायत कर्ताओं का कहना है कि करीब 4 बीघा जमीन, दो-तीन आदमियों के नाम खरीदी गई। इसके बाद तकसीम रवानगी करवा कर इसके अलग-अलग नंबर बना दिए। फिर अलग-अलग नामों से नक्शों को पास करवाया गया। मकान बना कर बेच दिए गए। कॉलोनी में एक-दूसरे मकानों के बीच कोई जगह नहीं छोड़ी। न ही पार्क व गलियों के लिए स्थान छोड़ा गया है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सूरत सिंह ने कहा कि शिकायत मिली है। इसके बाद मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा। भवन निर्माण से जुड़े सभी दस्तावेजों को जांचा जाएगा। यदि किसी भी तरह की नियमों की अनदेखी पाई गई, तो नियमानुसार जरूर कार्रवाई होगी।
----