पांच से 25 रुपये किलो बिक रहा लहसुन
बाजार में लुढ़के सिरमौरी लहसुन के दाम
बाहरी राज्यों में बंपर पैदावार का पड़ा असर
कपिल ठाकुर
नौहराधार (सिरमौर)।
बाजार में लहसुन के दाम लुढ़क गए हैं। दाम बढ़ने की उम्मीद में किसानों ने अपना लहसुन का भंडारण कर लिया है। पिछले 20 वर्षों की तुलना में इस साल लहसुन के सबसे कम दाम मिल रहे हैं। बाजार में लहसुन की कीमत पांच से दस रुपये मिल रही है जिससे किसान बैकफुट पर आ गए हैं।
गौरतलब है कि गिरिपार क्षेत्र की मुख्य नकदी फसल लहसुन है। क्षेत्र में 70 फीसदी भूमि पर लहसुन की खेती की जाती है लेकिन इस वर्ष लहसुन के पर्याप्त दाम नहीं मिलने से किसानों को लागत का हिस्सा भी नहीं मिल रहा। लहसुन का उत्पादन भारी मात्रा में होने के कारण दामों में गिरावट आई है।
प्रगतिशील किसान अतर सिंह, मोहन लाल, निरंजन सिंह, प्रताप सिंह, पदम, संजय चौहान, दुर्गा सिंह, बिजेंद्र सिंह आदि ने बताया कि इस साल किसानों ने 70 से 80 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से लहसुन का बीज खरीदा है। अगस्त-सितंबर में इसकी बिजाई की गई थी लेकिन अब उनका यही लहसुन पांच से 25 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहा है। दाम घटने के कारण लहसुन की बिजाई पर हुआ खर्चा भी नहीं निकल पा रहा है। आढ़ती रविंद्र चौहान, जेपी पुंडीर, अशोक पुंडीर, राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात आदि प्रदेशों में लहसुन की बंपर पैदावार हुई है जिसका सीधा असर हिमाचल के लहसुन के दामों पर पड़ा है।
उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक विद्या सागर ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से सूखे से फसल नष्ट होने पर फसल बीमा योजना का प्रावधान किया है, जहां तक बाजार भाव की बात है तो यह विभाग के अधीन क्षेत्र में नहीं है।
बॉक्स के लिए---
भारत के कई कोनों में जाता है लहसुन
सिरमौर का लहसुन देश के कई राज्यों को पहुंचता है। यहां का लहसुन तमिलनाडु, गुजरात को अधिक मात्रा में निर्यात किया जाता है लेकिन इस बार अधिक उत्पादन के कारण इन राज्यों से भी लहसुन की मांग नाममात्र मिल रही है।
-----
-----
---संजय भारद्वाज