अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। वरिष्ठ नागरिक परिषद की बैठक में विभिन्न समस्याओं पर मंथन हुआ। सिविल अस्पताल पांवटा में स्मार्ट कार्ड सेंटर शुरू करने, बदहाल उखड़ी पांवटा की गलियों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था सुधारने, अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता से स्वास्थ्य जांच सुविधा व एनएच-7 पर बद्रीपुर से वाई प्वाइंट पर डिवाइडर के बीच छोड़े रास्ते बंद करने की मांग को प्राथमिकता से उठाया गया।
बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष एनडी सरीन ने की। उन्होंने कहा कि डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज में यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन योजना में स्मार्ट कार्ड सेंटर चल रहा है। इसी तर्ज पर पांवटा सिविल अस्पताल में भी सेवाएं शुरू की जाएं। अस्पताल से बीडीओ ऑफिस व डाकघर की तरफ टूटी तथा सिंघल फोटो स्टेट से आगे ड्राइक्लीनिंग शॉप तक खोदी गई संपर्क सड़क की दशा सुधारी जाए। इन संपर्क मार्गों पर आए दिन हादसों में लोग घायल हो रहे हैं। शहरी क्षेत्र में कूड़ा कचरे के ढेर साफ करवाएं जाने चाहिए।
सिविल अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों को पीली पर्ची दी जाती है लेकिन वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य जांच करवाने में तवज्जो नहीं मिल पा रही। एनएच-7 पर बद्रीपुर से वाई प्वाइंट के बीच डिवाइडर हादसे रोकने के उद्देश्य से अहम है लेकिन इनके बीच छोड़े गए कुछ रास्ते हादसों का सबब बन रहे हैं। इन स्थलों को बंद करवा दिया जाए।
इस अवसर पर पांवटा इकाई के उपाध्यक्ष एनडी सरीन, महासचिव एमएस भटनागर, एसएल मेहता, केसी नागपाल, एमएल अग्रवाल, एमएस कैंथ, पीएल शर्मा, जीपी दिनकर, एमएल गुप्ता, जेसी शर्मा, बीपी भारद्वाज, अवतार सिंह, विजय गोयल, पीसी सैनी, आरके जैन, डीआर भारद्वाज, बीरभान अग्रवाल व एनएस हंस समेत वरिष्ठ नागरिक परिषद पांवटा के सदस्य मौजूद रहे।