राजगढ़ (सिरमौर)।
राजगढ़ क्षेत्र के दो गांवों में अचानक वोल्टेज के बढ़ जाने से लाखों का नुकसान हो गया। तेज वोल्टेज के कारण दो गांवों के करीब 35 परिवारों के विद्युत उपकरण जल गए। जानकारी के अनुसार राजगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत डिंबर के नाणु व बगोड़िया गांव में सोमवार रात को वोल्टेज अचानक बढ़ गई। इस कारण दोनों गांवों के करीब 35 परिवारों के बिजली के बल्व, ट्यूबें, टीवी, लैपटॉप व अन्य उपकरण जल गए। ऐसा होने से कुछ देर के लिए ग्रामीणों के होश उड़ गए।
पंचायत प्रधान चंद्रमणि ठाकुर, दुग्ध प्रसंघ के निदेशक सुंदर सिंह ठाकुर व कप्तान सिंह ने बताया कि सोमवार रात को करीब 9 बजे अचानक वोल्टेज तेज हो गई। वोल्टेज इतनी तेज थी कि बिजली के जो भी उपकरण चल रहे थे, वे सभी जल गए।
उन्होंने बताया कि तेज वोल्टेज की समस्या दो गांवों में आई है जिस कारण वहां के वाश़िदों को लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। उधर, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि नाणु स्थित ट्रांसफार्मर में न्यूटल ब्रेक हो जाने से यह समस्या सामने आई है। स्थानीय लोगों ने तेज वोल्टेज के कारण उन्हें हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।