अमर उजाला ब्यूरो
सराहां / संगड़ाह / राजगढ़ / नौहराधार
जनपद सिरमौर में प्री-मानसून की पहली बारिश कई जगह आफत तो कई स्थानों पर राहत की फुहारें बनकर बरसी। बारिश के साथ आए अंधड़ से सबसे ज्यादा नुकसान पच्छाद, गिरिपार के निचले क्षेत्रों के साथ-साथ सैनधार इलाके में हुआ।
गिरिपार क्षेत्र की एक दर्जन पंचायतों के दर्जन गांव में बुधवार शाम तक भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। सैनधार व धारटीधार इलाके की कई पंचायतों में बुधवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया गया। ददाहू सब स्टेशन के तहत आने वाली इन क्षेत्रों में अंधड़ व बारिश के कारण कई जगह बिजली लाइनों पर पेड़ टूट गए। इससे कई पंचायतों के ग्रामीणों को अंधेरे में रात काटनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि संगड़ाह फीडर की 1800 मीटर लाइन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे संगड़ाह, लानापालर, लुधियाना, अंधेरी, सैंज, रणफुआ जबड़ोग, घाटों, गनोग, रजाना, माईना व बाउनल काकोग आदि पंचायतों के दर्जनों गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। वहीं बारिश व अंधड़ से मंगलवार रात हरिपुरधार के तहत भवाई गांव के रण सिंह के एक मकान व रसोई घर की छतें उड़ गईं।
पच्छाद क्षेत्र में मंगलवार की रात हुई भारी बारिश, तेज तूफान व अंधड़ के कारण लाखों का नुकसान हुआ। क्षेत्र में लगी टमाटर व शिमला मिर्च की नकदी फसलों को तेज हवा ने पूरी तरह से नष्ट कर दिया। कई मकानों की छतों के साथ पॉलीहाउस पर लगी शीट्स के अलावा कई जगह पेड़ गिरने से बिजली की लाइन भी प्रभावित हो गई।
सराहां के साथ लगते कहान में रबड़ फैक्टरी की छत, कमाहां में शिवदत्त शर्मा का पॉलीहाउस, लाना भलटा में सोमदत्त के घर व सराहां ऐतिहासिक तालाब के साथ मंदिर पर पेड़ गिरने से भारी नुकसान हो गया। कृषि विभाग के एडीओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि चक्रवर्ती तूफान आने से पच्छाद क्षेत्र की 35 से 40 फीसदी फसलों को नुकसान पहुंचा है। नुकसान की जांच की जा रही है।
ददाहू इलाके बारिश के साथ आंधी-तूफान से 1.72 लाख रुपये का नुकसान हुआ। कोटला-मोलर पटवार सर्कल में कांता देवी, धर्मदत्त व देवीराम, बेचड का बाग पटवार सर्कल में अर्जुन सिंह व राजेंद्र सिंह, नेहर स्वार सर्कल के बलदेव दत्त, बाबूराम व ददाहू पटवार सर्कल में सुरतिया राम के घर व गौशालाओं की छतें उड़ने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
इसके अतिरिक्त कई स्थानों पर भूस्खलन से भी भारी नुकसान की सूचना मिली है। ऊपरी क्षेत्रों में फलदार पौधों को बारिश से नुकसान पहुंचा।
--जिला सिरमौर में कई जगह नुकसान के साथ बरसीं राहत की फुहारें
--पच्छाद और सैनधार क्षेत्रों में आफत बनकर बरसी प्री-मानसून की पहली बारिश
-------------------