-जमटा, सैनवाला और अर्बन पीएचसी नाहन में उच्च रक्तचाप, मधुमेह रोगों की हुई स्क्रीनिंग
-शिविरों में परामर्श, ई-संजीवनी सेवा और विशेषज्ञ जांच के माध्यम से मरीजों को मिला लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमटा, आयुष्मान आरोग्य केंद्र सैनवाला और अर्बन पीएचसी नाहन में आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन किया गया। बीएमओ तीनों शिविरों में 144 मरीजों की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि पीएचसी जमटा में आयोजित शिविर में 49 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई। यहां पुराने उच्च रक्तचाप के चार और मधुमेह के तीन मरीजों की जांच की गई। उच्च रक्तचाप का एक नया मामला सामने आया। इसके अलावा दो दंत, तीन नेत्र और चार ईएनटी रोगियों की जांच की गई। सभी 49 मरीजों को स्वास्थ्य परामर्श दिया गया और दो लोगों को बलगम जांच के लिए रेफर किया गया।
सैनवाला में 52 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यहां उच्च रक्तचाप के 11 पुराने और दो नए, मधुमेह के पांच पुराने और तीन नए मरीज मिले। छह मरीजों का दंत परीक्षण, चार का ईएनटी, दो का नेत्र परीक्षण, एक चोट का उपचार, दो गर्भवती महिलाओं की जांच तथा एक मरीज में हल्का एनीमिया पाया गया। छह मरीजों को ई-संजीवनी के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श भी दिलाया गया।
अर्बन पीएचसी नाहन में आयोजित शिविर में 43 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई। यहां उच्च रक्तचाप के सात और मधुमेह के चार पुराने मरीजों की जांच की गई। इसके अलावा दो नेत्र, एक ईएनटी, एक दंत रोगी तथा एक हल्के एनीमिया से पीड़ित मरीज की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया। शिविर के दौरान लोगों को जलजनित रोगों के लक्षण और बचाव के बारे में भी जागरूक किया गया।=-