अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़-खैरी-नाहन सड़क भारी मलबे और चट्टानों के गिरने से फिर बंद हो गई है। इससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मलबा गिरने से इस बार स्थिति काफी चिंताजनक हो गई है। सड़क पर आईं भारी चट्टानों और मलबे के कारण वाहन निकालना तो दूर राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। ऐसे में शुक्रवार रात और शनिवार को सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगना शुरू हो गईं। दिनभर सड़क पर आवाजाही पूरी तरह ठप रही। समय पर सड़क न खुलने के कारण कई वाहन चालकों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरी सड़कों से लंबा सफर तय करना पड़ा। जबकि, स्थानीय लोगों ने पैदल सफर तय किया। सड़क बंद होने से बडू साहिब, खैरी, डिंबर, भनोग और अन्य दर्जनों इलाकों का राजगढ़ से संपर्क टूट गया है। उल्लेखनीय है कि कोट ढांगर के समीप सड़क पर भारी मलबा गिरने से दो दिन पहले भी सड़क बंद हो गई थी। दूसरे दिन लोक निर्माण विभाग ने बड़े वाहनों के लिए सड़क खोल पाया था। लेकिन, शुक्रवार को यहां उससे भी अधिक भूस्खलन हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क बहाल करने के लिए तीन जेसीबी मशीनें लगाई हैं। बावजूद इसके शनिवार को सड़क खुलने की संभावनाएं काफी कम दिखीं। इस बार सड़क पर पहाड़ी सड़क पर आ गिरी है। यहां से निकलना भी अब जोखिम भरा हो गया है। हर समय यहां हादसे का खतरा बना हुआ है। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता डीएस कौंडल ने बताया कि विभाग सड़क बहाल करने का पूरा प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार रात तक नहीं तो रविवार तक सड़क को वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।