नाहन (सिरमौर)।
सिरमौर जिला में लोगों को सड़क सुरक्षा के बारे जागरूक करने के लिए 4 से 10 फरवरी तक परिवहन विभाग के सौजन्य से 30वां सड़क सुरक्षा सप्ताह आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने परिवहन विभाग के साथ सड़क सुरक्षा सप्ताह के आयोजन बारे एक बैठक अध्यक्षता करते हुए कहा कि इस दौरान वाहन चालकों को विशेष टिप्स दिए जाएंगे। उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि लोगों को सड़क सुरक्षा के बारे जागरूक करने के लिए जिला के प्रमुख स्थानों पर बैनर, साइन बोर्ड आदि लगाए जाएंगे, जिसमें लोगों को जागरूक करने के लिए सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदर्शित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त जिला के उपमंडल व तहसील स्तर पर विशेषकर वाहन चालकों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा और सभी बस अड्डों पर पंफ्लेट, फोल्डर इत्यादि वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान ओवर स्पीड, ओवर लोडिंग बारे वाहनों के निरीक्षण किए जाएंगे। ऐसे वाहन चालकों को भविष्य में ऐसा न करने बारे आवश्यक भी निर्देश दिए जाएंगे। वाहन चालकों की आंखों की जांच भी करवाई जाएगी और आवश्यकतानुसार ऐनक उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करने बारे भी वाहन चालकों को जागरूक किया जाना जरूरी है। उपायुक्त ने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों, विशेषकर युवा पीढ़ी को हेलमेट का इस्तेमाल करने व निर्धारित गति में वाहन चलाने बारे जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त ने विभाग को निर्देश दिए कि जिला के शिक्षण संस्थानों में प्रात: कालीन सभा में बच्चों को सड़क सुरक्षा बारे जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को यातायात नियमों की जानकारी होना अनिवार्य है और यह कार्यक्रम सड़क सप्ताह तक ही सीमित न रहकर इसे प्रत्येक वाहन चालक को अपने दैनिक जीवन में कार्यान्वित करना होगा। तभी बढ़ती दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना संभव होगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सुनील शर्मा ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए किए जा रहे कार्यक्रमों बारे विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोना चौहान भी उपस्थित थीं।