औद्योगिक इकाइयों में लग रहे बिजली कटों से भारी क्षति : सतीश गोयल
उद्यमियों ने कहा कि पिछले 4 दिन से उत्पादन हो रहा काफी प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा और धौलाकुआं औद्योगिक इकाइयों में बिजली के कटों से उत्पादन काफी प्रभावित हो रहा है। पिछले 4 दिन से अघोषित बिजली कटों का सिलसिला जारी है। ऐेसे में उद्योगपतियों के साथ-साथ उपभोक्ताओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। औद्योगिक क्षेत्र गोंदपुर, पांवटा, कुंजा मतरालियों, रामपुरघाट, बातामंडी, सूरजपुर व धौलाकुआं आदि क्षेत्रों की सैकड़ों इकाइयों में उत्पादन कार्य प्रभावित हो रहा है। हिमाचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज पांवटा इकाई अध्यक्ष सतीश गोयल, बीडी त्यागी, संजय अग्रवाल, पीसी भंडारी, विक्रम मितल व केएस चौहान समेत उद्यमियों व इकाई प्रबंधकों का कहना है कि चार दिन से बिजली की आंख मिचौली चल रही है। रोज बिजली कटों से उत्पादन में दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। विशेषकर पिछले कुछ दिनों से बिजली के कट लगाए जा रहे हैं। लिहाजा, क्षेत्र की सैकड़ों छोटी व बड़ी औद्योगिक इकाइयों का उत्पादन कार्य प्रभावित हो रहा है। कैल्शियम कार्बोनेट व फार्मा इकाइयों का कार्य सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। इकाइयों में लंबे समय तक बिजली कट से दिक्कतें हो रही हैं।
उधर, बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता पांवटा दर्शन सिंह ठाकुर ने कहा कि नाथपा झाकड़ी प्रोजेक्ट में सिल्ट आने से प्रदेश में आपूर्ति प्रभावित हो रही है। पांवटा क्षेत्र में प्रतिदिन 50 मेगावाट बिजली की जरूरत रहती है। पिछले कुछ दिनों से 25 मेगावाट बिजली मिल रही है। इसके चलते घरेलू व औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली कट लग रहे हैं। आपूर्ति पूरी मिलने पर औद्योगिक क्षेत्रों व घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति सुचारु रुप से होगी।
-------
--सुरेश तोमर
...