नाहन (सिरमौर)।
सिरमौर रियासत की देन नाहन का ऐतिहासिक रानीताल बाग पार्किंग स्थल बनता जा रहा है। यहां प्रतिबंध के बावजूद यहां सरेआम वाहन पार्क किए जा रहे हैं। वहीं नगर परिषद इस रानीताल बाग की सुंदरता बनाए रखने में विफल साबित हो रही है। आलम यह है कि धार्मिक आयोजन के नाम इस बाग में सरेआम वाहन ले जाए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन और नगर परिषद की उदासीनता के कारण कुछ लोगों की मनमानी अपने चरम पर है। बता दें कि रानीताल बाग स्थित शिव मंदिर में शिवरात्रि पर्व को लेकर धार्मिक आयोजन किया गया। उस दिन से रोजाना यहां वाहनों का प्रवेश करवाया जा रहा है। जबकि इस ऐतिहासिक बाग में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित है। हैरानी की बात यह है कि हर साल इसी तरह यहां वाहन प्रवेश करवाएं जा रहे हैं।
इसकी सूचना नगर परिषद के अधिकारियों और शहर के पार्षदों को भी है। बावजूद इसके वाहनों के प्रवेश को रोके जाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। महाशिवरात्रि पर्व को जहां सामान लाने और ले जाने के नाम पर वाहनों का बाग में प्रवेश करवाया गया। वहीं, उसके बाद भी वाहनों को लगातार प्रवेश जारी है। बुधवार को दोपहर बाद एक बाइक भी बाग में खड़ी दिखाई दी। बता दें कि गत वर्ष भी बाग में वाहन ले जाए गए थे।
इस कारण पौधों और टाइलों को काफी नुकसान पहुंचा था। शहर के सामाजिक कार्यकर्ता प्रेमपाल महेंद्रु ने इसकी शिकायत नगर परिषद के तत्कालीन अधिकारियों, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को फोन पर की गई थी। मगर किसी ने यह मनमानी नहीं रोकी। जबकि इस वर्ष फिर रानीताल बाग की ऐतिहासिकता को दरकिनार कर यहां वाहनों का प्रवेश करवाया जा रहा है। उधर, अलख संस्था के महासचिव प्रभात कुमार ने कहा कि वाहनों को रानीताल में प्रवेश करवा जा रहा है। जो कि गलत है। धार्मिक आयोजन हो अच्छी बात है। लेकिन, इसकी ऐतिहासिकता का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो लोग ऐसा कर रहे हैं, वह शहर के सम्मानित नागरिक हैं। उन्हें भी शहर की ऐतिहासिक धरोहरों और बनाए गए नियमों का पालन करना चाहिए। नगर परिषद की नवनियुक्त अध्यक्ष रेखा तोमर ने कहा कि उन्होंने हाल ही में पदभार संभला है, पूर्व में क्या हुआ इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। भविष्य में रानीताल बाग में कोई वाहन प्रवेश न करे इसका वह स्वयं ध्यान रखेंगी।