परीक्षाओं में विद्यार्थियों को दिए तनाव मुक्त रहने के टिप्स
कार्यशाला में सरकारी-निजी स्कूलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल नाहन में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर जिले के सभी प्रधानाचार्यों एवं मुख्य अध्यापकों की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। डीसी ने शिक्षाविदों को संबोधित करते हुए देश प्रेम पर बल दिया तथा राष्ट्रीयता एवं विभिन्नता में एकता की धारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रधानाचार्यों एवं मुख्य अध्यापकों से स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कैरियर से संबंधित जानकारी प्रदान करने का आह्वान किया। माता पद्मावती एजुकेशनल सोसायटी के महासचिव सचिन जैन ने बताया कि कार्यक्रम में डीआरडीए के परियोजना अधिकारी आईएएस शिवम प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल रहे। शिव प्रताप सिंह ने जिले के मेधावी छात्रों को पेश आने वाली कठिनाइयों के प्रति चिंता व्यक्त की तथा उन्हें वीडियो संभाषण से लाभान्वित करने पर निर्देश दिए। इस समारोह में माता पद्मावती एजुकेशनल सोसायटी के चेयरमैन अनिल जैन के अलावा उपनिदेशक उच्च शिक्षा जिला सिरमौर उमेश बहुगुणा ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को प्रोत्साहित किया। इस दौरान विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत की गईं देशभक्ति और धार्मिक गीतों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। माता पदमावती नर्सिंग कालेज की छात्राओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर लघु नाटिका प्रस्तुत की। सोसायटी के महासचिव सचिन जैन ने अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल की ओर से चलाई गई स्कॉलरशिप योजना की विद्यार्थियों को जानकारी दी। इस अवसर पर अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य प्रभाकर, उप-प्रधानाचार्य सपना सोलंकी आदि उपस्थित रहे।