सतौन-रेणुका सड़क तीन दिन से अवरुद्ध
सतौन (सिरमौर)। लोनिवि मंडल शिलाई के तहत सतौन-रेणुकाजी सड़क पर तीन दिन से बस सेवा बंद है। जबकि, इस सड़क को खोलने के लिए विभाग का डोजर और मशीन लगी हुई है। बावजूद इसके सड़क अभी तक बहाल नहीं हो सकी है। इस वजह से सैकड़ों मुसाफिरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोनिवि बरसात में सड़क बहाल करने के लिए ठेकेदारों का टेंडर करवाता है। इस साल भी करीब दो लाख रुपये के टेंडर हुए हैं लेकिन, पुरानी मशीनरी के सहारे ही काम चलाया जा रहा है। विभाग को ठेकेदारों के प्रति नर्म रुख होने के कारण लोगों को असुविधा हो रही है। सतौन से चांदनी तक के पंद्रह किलोमीटर के दायरे में छह-सात जगह पर अक्सर मलबा गिरता रहता है। सतौन से एक किलोमीटर दूर टिक्कर खड्ड पर विभाग का अपना डोजर है। लेकिन, उससे आगे के लिए विभाग ने टेंडर लगा रखे हैं। ठेकेदार अपनी मर्जी से कार्य कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि ठेकेदार की मशीन भी पुरानी है। तीन दिन से इस सड़क पर बस नहीं चल पा रही है, जबकि इस सड़क पर दस बसें रोजाना चलती हैं। लोनिवि के अभियंता पीके उप्रेति ने बताया है कि करीब दो लाख के टेंडर पहले चरण में लगे हैं। यदि ठेकेदार के पास पुरानी मशीन है तो उसे बदलने के लिए कहा जाएगा।